लखनऊ 7 अप्रैल (आरएनएस )।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने परिवहन विभाग में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा हुआ है, जिसमें 1671 चालक बिना बस चलाए वेतन उठा रहे हैं, जबकि लगभग 50 प्रतिशत चालक शून्य किलोमीटर चले बताए गए हैं।अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि इस खुलासे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बसों पर बुलडोजर चलाने का नाटक न करें। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई करनी है तो संबंधित मंत्री की कथित भ्रष्ट गतिविधियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन ऐसा होने की संभावना नहीं है क्योंकि इस पूरे मामले में ऊपर तक संरक्षण मिलने की बात कही जा रही है।उन्होंने कहा कि एक ओर गर्मियों की छुट्टियों के दौरान जनता को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर भाजपा और उनके सहयोगी परिवहन विभाग की व्यवस्था को कमजोर करने में लगे हैं। उनका आरोप था कि इसी कारण उत्तर प्रदेश के विकास की गति भ्रष्टाचार के कारण प्रभावित हो रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि यातायात और आवागमन की व्यवस्था बाधित होने का सीधा असर अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के बजाय अपनी व्यवस्था को मजबूत करने में लगी है।उन्होंने कहा कि भाजपा को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। जब तक भाजपा सत्ता में रहेगी, तब तक परिवहन व्यवस्था सुचारु रूप से नहीं चल पाएगी और जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

