लखनऊ 7 अप्रैल (आरएनएस )।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा साजिश करके लोकतंत्र की पवित्रता को नष्ट कर रही है और लोकतांत्रिक प्रणाली के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान विरोधी है तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की भावना का सम्मान नहीं करती है।मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए की ताकत के सामने भाजपा की एक नहीं चल पाएगी। उन्होंने कहा कि पीडीए की बढ़ती ताकत से भाजपा घबराई हुई है। समाजवादी पार्टी भाजपा को लोकतंत्र की हत्या नहीं करने देगी और हर स्तर पर उसका मुकाबला करेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीडीए की हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाएगी और उसे उसका हक तथा सम्मान दिलाया जाएगा।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य सामाजिक न्याय की स्थापना करना है, जबकि भाजपा सामाजिक न्याय की विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है और भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड टूट चुके हैं। उनका कहना था कि हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार हो रहा है तथा कमीशनखोरी और मुनाफाखोरी के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिजली व्यवस्था को खराब कर दिया है और प्रीपेड मीटर से जनता परेशान है। समाजवादी पार्टी पीडि़तों के साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता से धन वसूलने के लिए नए-नए तरीके अपना रही है। पहले किसानों को नैनो यूरिया के माध्यम से नुकसान पहुंचाया गया और अब बिजली उपभोक्ताओं को प्रीपेड मीटर के माध्यम से परेशान किया जा रहा है।अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भाजपा को हटाने के लक्ष्य के साथ जनता के बीच जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता से हटने पर ही लोकतंत्र और संविधान सुरक्षित रहेंगे, भ्रष्टाचार और महंगाई पर रोक लगेगी तथा युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

