लखनऊ, 7 अप्रैल (आरएनएस ) सर्विलांस प्रकोष्ठ पुलिस उपायुक्त मध्य तथा थाना हजरतगंज की संयुक्त पुलिस टीम ने साइकिल से टक्कर मारकर रुपये चोरी करने वाले अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सरगना सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त साइकिल तथा चोरी किए गए रुपये भी बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार 20 मार्च 2026 को वादी बलराम साधवाणी पुत्र स्वर्गीय नारायण दास निवासी इंदिरानगर, लखनऊ ने सूचना दी थी कि 16 मार्च 2026 को दो अज्ञात व्यक्तियों ने साइकिल से टक्कर मारकर गिराने का प्रयास किया और संभालने का दिखावा करते हुए उनकी जेब में रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए। इस संबंध में थाना हजरतगंज में धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना के खुलासे के लिए थाना हजरतगंज पुलिस तथा सर्विलांस प्रकोष्ठ की टीम द्वारा लगातार सुरागरसी और पतारसी की गई। तकनीकी सहायता और जांच के आधार पर 06 अप्रैल 2026 की रात लगभग 11:15 बजे चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में बिसारत पुत्र शराफत निवासी थाना कटघर जनपद मुरादाबाद, वसीम उर्फ शाहिल पुत्र शहजाद निवासी करूला जाहिद नगर थाना कटघर मुरादाबाद, अरुण कुमार उर्फ ठाकुर पुत्र रामगोपाल सिंह निवासी उडपुरा थाना कटघर मुरादाबाद तथा सचिन चौहान पुत्र जगमोहन सिंह निवासी गांधी नगर थाना कटघर मुरादाबाद शामिल हैं।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे लोग पहले अपने शिकार का पीछा करते थे। गिरोह का एक सदस्य साइकिल से चलता था और अन्य सदस्य पीछे-पीछे चलते थे। मौका देखकर साइकिल से टक्कर मार देते थे और व्यक्ति को संभालने के बहाने उसकी जेब से रुपये और सामान निकालकर भीड़ में गायब हो जाते थे। बाद में चोरी किए गए रुपयों को आपस में बांट लेते थे।पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए रुपयों में से 3673 रुपये, दो रसीदें, जीवन बीमा निगम की रसीद की छायाप्रति तथा घटना में प्रयुक्त एक साइकिल बरामद की है। इस संबंध में थाना हजरतगंज में धारा 303(2) एवं 317(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा पंजीकृत है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त वसीम के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी और बरामदगी से संबंधित मुकदमा थाना कटघर, मुरादाबाद में दर्ज है। सभी अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।इस कार्रवाई में थाना हजरतगंज तथा सर्विलांस प्रकोष्ठ की संयुक्त पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

