लखनऊ 7 अप्रैल (आरएनएस ),उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक भर्ती 2025 में पद वृद्धि तथा चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उनका ध्यान इस ओर आकर्षित किया है।बताया गया कि उपनिरीक्षक भर्ती 2025-26 में शामिल अभ्यर्थियों द्वारा एक विस्तृत प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने अपनी स्थिति तथा वर्तमान भर्ती प्रक्रिया से संबंधित गंभीर चिंताओं को व्यक्त किया है।अभ्यर्थियों ने बताया कि यह भर्ती लगभग पांच वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित की जा रही है, जिसके कारण अभ्यर्थियों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि हुई है। इस भर्ती परीक्षा में लगभग 10.77 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक के कई पद वर्तमान में रिक्त हैं, जिन्हें इसी भर्ती प्रक्रिया में पद वृद्धि के माध्यम से भरा जा सकता है।प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व की उपनिरीक्षक भर्ती वर्ष 2020-21 में कुल 9534 पदों पर नियुक्ति की गई थी, जबकि वर्तमान भर्ती में पदों की संख्या लगभग आधी से भी कम है, जो मौजूदा परिस्थितियों में अपर्याप्त प्रतीत होती है।अभ्यर्थियों ने यह अपेक्षा भी व्यक्त की है कि लिखित परीक्षा के परिणाम के साथ ही उनके अंकपत्र (सामान्यीकृत अंक एवं विषयवार अंक सहित) जारी किए जाएं। साथ ही अंतिम चयन के बाद यदि पद रिक्त रह जाते हैं तो प्रतीक्षा सूची जारी कर रिक्त पदों को भरा जाए, जिससे भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इन तथ्यों के आधार पर मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि उपनिरीक्षक भर्ती 2025 में पदों की संख्या को राज्य की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप बढ़ाने, सभी अभ्यर्थियों के अंकपत्र जारी करने तथा अंतिम चयन के बाद प्रतीक्षा सूची जारी कर रिक्त पदों को भरने पर विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा निर्णय प्रदेश के युवाओं के हितों की रक्षा करने के साथ-साथ राज्य की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

