—- नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में महाकाल गैंग द्वारा मारपीट कर लूटपाट करने की है घटना। पुलिस गस्त पर लोग उठा रहे है सवाल।
कुशीनगर, 07 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में इन दिनों महाकाल गैंग का आतंक बढ़ गया है। हाल ही में गैंग के सदस्यों ने ढोलहा गांव के पास एक युवक को घेर कर मारपीट की और उससे रुपये लूट लिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। खड्डा थाना क्षेत्र के कोहरगड्डी गांव निवासी इरशाद दोपहर करीब 12 बजे अपनी बाइक से लक्ष्मीगंज अंसारी टोला स्थित ससुराल जा रहे थे। आरोप है कि नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ढोलहा गांव के पास महाकाल गैंग के आधा दर्जन से अधिक सदस्यों ने उन्हें रोक लिया। गैंग के सदस्यों ने इरशाद पर लात-घूंसे, डंडे और चेन से हमला किया, नकदी छीन ली और जान से मारने की धमकी भी दी। गैंग ने मारपीट और धमकी का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। पीडि़त ने थाने में शिकायत दर्ज कराई लेकिन घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे गैंग के हौसले बुलंद हैं और क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम है। पीडि़त के साथ थाने पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समीर अंसारी को भी फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। उनके पास धमकी का ऑडियो मौजूद है। जानकारी के अनुसार यह गैंग पहले भी एक दर्जन से अधिक राहगीरों के साथ मारपीट कर उसका वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर चुके है। थाना क्षेत्र में महाकाल गैंग की गतिविधियों से लोग दहशत में हैं और राहगीर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस की निष्क्रियता को लेकर लोगों में आक्रोश है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है। क्षेत्र में किसी भी गैंग को सक्रिय नहीं रहने दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

