कुशीनगर, 07 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कस्बा में बीती रात बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। महज 10 मिनट के अंतराल में दो अलग-अलग स्थानों पर कुल 5 राउंड गोलियां चलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार अज्ञात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश रात करीब 11 बजे कस्बा क्षेत्र में पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने वार्ड नंबर 3 के सभासद मोहम्मद आरिफ के आवास को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ 3 राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोली बारी से आसपास के लोग सहम गए और घरों में दुबक गए। लोग अभी कुछ समझ ही पाते कि बदमाश वहां से निकलकर सीधे किसान चौक पहुंचे, जहां उन्होंने समाजसेवी विक्की मद्धेशिया के कमरे पर 2 राउंड फायरिंग कर दी। लगातार दो जगहों पर हुई इस वारदात से पूरे कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों बदमाश एक ही बाइक पर सवार थे और अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बड़ी आसानी से फरार हो गए। महज 10 मिनट के भीतर हुई इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस तरह से बदमाशों ने सरेआम फायरिंग की है। उससे साफ है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस द्वारा बदमाशों की तलाश के लिए इलाके में छानबीन और संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। हालांकि इस सनसनीखेज घटना के बाद एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

