रांची 7 अप्रैल (आरएनएस)। रांची में इंसानियत और ईमानदारी की एक शानदार मिसाल देखने को मिली, जहां एक महिला का खोया हुआ कीमती बैग कुछ ही देर में सुरक्षित वापस मिल गया। इस सराहनीय कार्य में एक बॉडीगार्ड और स्थानीय लोगों की तत्परता ने सभी का दिल जीत लिया।
जानकारी के अनुसार, शाइस्ता परवीन, जिनका ससुराल इटकी में और मायका चतरा में है, एक शादी समारोह में शामिल होने रांची आई हुई थीं। इसी दौरान वह किसी जरूरी काम से रातू रोड स्थित अंजुमन इस्लामिया अस्पताल के पास से रिक्शा पर सवार होकर जा रही थीं। लेकिन जल्दबाजी में रिक्शा से उतरते समय उनका बैग वहीं छूट गया। बैग में सोने के जेवर और महंगे कपड़े रखे हुए थे, जिससे महिला काफी परेशान हो गईं और इधर-उधर खोजबीन करने लगीं। इसी बीच संयोगवश हाई कोर्ट के जज के बॉडीगार्ड दीवान मुमताज खान वहां मौजूद थे। उन्होंने महिला को परेशान देखा और बिना देर किए स्थिति को समझा। तत्परता दिखाते हुए वह तुरंत रिक्शा चालक की तलाश में निकल पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने काली मंदिर के पास रिक्शा चालक को ढूंढ निकाला और महिला का बैग सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद बैग को शाइस्ता परवीन को सौंप दिया गया, जिससे उनके चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलकने लगी। इस नेक कार्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य जुनैद अंसारी,फिरोज खान, अंजुमन अस्पताल के पास स्थित सना मेडिकल के संचालक कैसर सहित कई स्थानीय लोगों ने भी अहम भूमिका निभाई। आज के दौर में जहां अक्सर नकारात्मक खबरें सामने आती हैं, वहीं इस तरह की ईमानदारी और मददगार सोच ने लोगों के बीच एक सकारात्मक संदेश दिया है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

