दुर्ग, 07 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के पाटन में मजदूरों ने विभिन्न मांगों को लेकर जनपद पंचायत कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे मजदूरों ने सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।मजदूरों का आरोप है कि हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। कई पात्र लोगों को पेंशन से वंचित रखा गया है, वहीं मनरेगा के तहत रोजगार नहीं मिलने से आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।प्रदर्शन की खास बात यह रही कि मजदूर अपने साथ फावड़ा और गैती लेकर पहुंचे, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही खाट और बिस्तर लेकर धरना स्थल पर पहुंचे। इस अनोखे विरोध के जरिए उन्होंने अपनी परेशानी और नाराजगी को खुलकर जाहिर किया।प्रदर्शन के दौरान मजदूरों को जनपद पंचायत के मुख्य गेट पर ही रोक दिया गया, जहां से केवल एक प्रतिनिधिमंडल को अंदर जाने की अनुमति दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं से अवगत कराया।मजदूरों ने प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे बोरिया-बिस्तर के साथ अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।प्रदर्शन में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

