० प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ सुरक्षित जीवन का सपना
बीजापुर, 07 अप्रैल (आरएनएस)। बीजापुर के ग्राम पंचायत गंगालूर, जनपद पंचायत बीजापुर के निवासी बुधु हेमला के जीवन में अब नई उम्मीद और स्थिरता का संचार हुआ है। वर्ष 2012-13 में सलवा जुडूम से जुड़े रहने और क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने के प्रयासों के कारण वे नक्सलियों के निशाने पर आ गए थे।
लगातार चेतावनियों के बावजूद सामाजिक जागरूकता का कार्य जारी रखने पर नक्सलियों द्वारा उनका पीछा किया गया और गोलीबारी में वे हाथ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद उनका जीवन लंबे समय तक असुरक्षा और कठिन परिस्थितियों में बीता।
ऐसी विषम परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन द्वारा संवेदनशील पहल करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में विशेष परियोजना के तहत उन्हें पक्का आवास स्वीकृत किया गया। अब उनका वर्षों पुराना सपना एक सुरक्षित और सम्मानजनक घर- साकार हो चुका है।
यह पहल न केवल शासन की मानवीय सोच को दर्शाती है, बल्कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास, सुरक्षा और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी मजबूत करती है। पक्के आवास के साथ अब बुधु हेमला और उनका परिवार सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन कर सकेंगे तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर होंगे।
जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा ऐसे सभी प्रभावित और जरूरतमंद हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे हर व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

