रक्षा मंत्री ने ममता शासन पर भी उठाए गंभीर सवाल
नकुल कुमार मंडल
बैरकपुर/ कोलकाता 7 अप्रैल (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में चुनावी गर्माहट के बीच देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जहां बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर हमले किए वहीं। रक्षा मंत्री ने बैरकपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान की बखियां उधेड़ते हुए उसे सख्त चेतावनी दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ द्वारा कोलकाता पर हमले की धमकी देने वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पाकिस्तान को इस तरह की भड़काऊ और गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी से बचना चाहिए, अन्यथा उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि उस युद्ध के बाद पाकिस्तान दो हिस्सों में बंट गया था और बांग्लादेश का गठन हुआ था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान इस बार पश्चिम बंगाल की ओर बुरी नजर डालने की कोशिश करेगा तो इस बार उसके कितने टुकड़े होंगे, यह केवल भगवान ही जानते हैं। सिंह का कड़ा रुख बंगाल के नागरिकों को आश्वस्त करने और बाहरी खतरों के खिलाफ भारत की संप्रभुता शक्ति को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से था। रक्षा मंत्री की टिप्पणियां इस धारणा का सीधा खंडन भी थीं कि सीमा पार की बयानबाजी के सामने भारतीय सरकार निष्क्रिय बनी रहती है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत की रक्षा सेनाएं देश की हर इंच भूमि की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। राजनाथ सिंह ने कहा, पहले पश्चिम बंगाल के लोग हर मामले में आगे रहते थे, लेकिन अब टीएमसी की सरकार में लगातार पिछड़ता जा रहा है। भारत का हर राज्य निवेश में आगे जा रहा है, लेकिन पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ऐसा होने नहीं दे रही हैं। हर राज्य में उद्योगों को बढ़ावा मिल रहा है, जबकि बंगाल में पहले स्थापित फैक्ट्रियां भी बाहर जा रही हैं। पश्चिम बंगाल में उद्योगपति निवेश करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। रक्षा मंत्री ने ममता बनर्जी से सवाल पूछते हुए कहा, आप तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकी हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए क्या किया है? लोगों पर अत्याचार किया है और विकास को अवरुद्ध किया है। तीन बार कार्यकाल के बाद पश्चिम बंगाल के हालत को बद से बदतर कर दिया है। रक्षामंत्री ने कहा कि, अब ‘ जोड़ा घास के फूलोंÓ की बात बहुत हो चुकी, बंगाल अब ‘कमल का फूलÓ चाहता है। ‘जोड़ा घास के फूलÓ धूल में मिल जाएंगे, और भ्रष्टाचार का नामो-निशान मिट जाएगा। रक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा, मैं बंगाल की धरती और बंगाल के लोगों को विनम्र नमन करता हूं। आप लोगों में जो जोश और उत्साह मैं देख रहा हूं, उससे यह बिल्कुल साफ है कि पश्चिम बंगाल की जनता ने अब अपना मन बना लिया है और तृणमूल की विदाई तय है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

