मुंबई ,08 अपै्रल ,। अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के संभावित युद्धविराम (सीजफायर) की खबर का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ तौर पर देखने को मिला। बुधवार को कारोबार शुरू होते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 2700 अंकों से अधिक उछल गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी करीब 800 अंकों की मजबूत बढ़त के साथ खुला।
वैश्विक बाजारों में तेजी के संकेत पहले से ही मिल रहे थे, और भू-राजनीतिक तनाव कम होने की खबर ने निवेशकों का भरोसा और मजबूत किया। कारोबार की शुरुआत में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स अपने पिछले बंद 74,616.58 के मुकाबले तेजी के साथ करीब 77,290 के स्तर पर खुला। शुरुआती मिनटों में ही इसमें और तेजी आई और यह 77,392 के स्तर तक पहुंच गया।
वहीं, 50 शेयरों वाला निफ्टी इंडेक्स अपने पिछले बंद 23,123.65 के मुकाबले बढ़त के साथ 23,855 पर खुला। इसके बाद तेजी जारी रही और यह कुछ ही समय में करीब 800 अंकों की छलांग लगाकर 23,938 के स्तर तक पहुंच गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव कम होने और ग्लोबल मार्केट में सकारात्मक रुख के चलते निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है, जिसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

