नई दिल्ली ,08 अपै्रल ,। गर्मी की छुट्टियों में दिल्ली, मुंबई और पुणे जैसे महानगरों से उत्तर प्रदेश और बिहार की तरफ लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं मिलती और कंफर्म टिकट पाना किसी जंग जीतने से कम नहीं होता। यात्रियों की इसी बड़ी परेशानी को दूर करने और उनके सफर को आरामदायक बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने एक शानदार कदम उठाया है। रेलवे ने लोगों की सुविधा के लिए कई नई समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है, जिससे अब प्रवासी बिना किसी टेंशन के अपने गांव-घर पहुंच सकेंगे।
दानापुर और समस्तीपुर रूट पर मिली बंपर राहत
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सरस्वती चंद्र ने इस बड़ी राहत की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान स्टेशनों पर होने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह अहम फैसला लिया है। रेलवे द्वारा खास तौर पर पुणे और मुंबई से बिहार के दानापुर और समस्तीपुर के लिए इन समर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा है। इन ट्रेनों के चलने से यूपी और बिहार के लाखों प्रवासियों, छात्रों और दिहाड़ी मजदूरों को गर्मी की छुट्टियों में घर जाने में बहुत बड़ी सहूलियत मिलेगी।
पुणे-दानापुर के बीच रोज दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 01449 और 01450 पुणे-दानापुर-हडपसर (पुणे) स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर और भुसावल के रास्ते चलने वाली यह ट्रेन 15 जुलाई 2026 तक हर रोज अपनी सेवाएं देगी। गाड़ी संख्या 01449 पुणे से दोपहर 15.30 बजे रवाना होकर बक्सर और आरा रुकते हुए तीसरे दिन दानापुर पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 01450 दानापुर-हडपसर स्पेशल 17 जुलाई 2026 तक दानापुर से सुबह 05.00 बजे खुलकर अगले दिन शाम को हडपसर (पुणे) पहुंचेगी।
लोकमान्य तिलक से दानापुर का सफर भी हुआ आसान
बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए रेलवे ने गाड़ी संख्या 01143 और 01144 लोकमान्य तिलक-दानापुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल ट्रेन भी शुरू की है। यह ट्रेन 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन चलाई जाएगी। लोकमान्य तिलक टर्मिनल से यह सुबह 10.30 बजे चलकर अगले दिन डीडीयू, बक्सर और आरा होते हुए शाम 18.45 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में दानापुर से यह ट्रेन 16 जुलाई 2026 तक रात 21.30 बजे खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 07.45 बजे लोकमान्य तिलक पहुंचेगी।
समस्तीपुर के यात्रियों को मिली साप्ताहिक ट्रेन की सौगात
मुंबई से समस्तीपुर जाने वालों के लिए भी रेलवे ने खास इंतजाम करते हुए साप्ताहिक गाड़ी संख्या 01043 और 01044 शुरू की है। यह ट्रेन 21 अप्रैल से 14 जुलाई 2026 तक हर मंगलवार को लोकमान्य तिलक से दोपहर 12.15 बजे चलेगी और दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए रात 23.45 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 01044 समस्तीपुर से 23 अप्रैल से 16 जुलाई 2026 तक हर गुरुवार को तड़के 03.00 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 16.25 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

