सूरजपुर, 08 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक महिला की उसके ही रिश्तेदार द्वारा बेरहमी से पिटाई की गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के भुवनेश्वरपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, पीडि़ता कविता कुशवाहा का अपने मामा ससुर रामकुमार कुशवाहा के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने महिला पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया और उसकी जमकर पिटाई की। घटना के दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद पीडि़ता की शिकायत पर रामानुजनगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी रामकुमार कुशवाहा के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि घरेलू और जमीन विवाद किस तरह हिंसक रूप ले रहे हैं।
0

