नईदिल्ली ,08 अपै्रल (आरएनएस)। एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और हवा का पैटर्न बदलने के कारण इस बार ऐसा लग रहा है कि समय से पहले ही मानसून आ गया है। तेज गर्मी और लू के थपेड़ों की जगह ठंडी हवाओं से मौसम सुहाना बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को भी उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 11 राज्यों में तूफानी बारिश की संभावना जताई है। कुछ जगह ओलावृष्टि और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी भी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान से लेकर मध्य प्रदेश तक 8 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश होने का अलर्ट है। इस दौरान 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ओले गिरने के आसार हैं। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और नगालैंड में भी बारिश हो सकती है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब में अंधड़-बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है।
खराब मौसम के चलते जम्मू-कश्मीर के रामबन में भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद हो गया, वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा में निर्माणाधीन पुल टूट गया। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ जगह भूस्खलन की घटनाओं से सावधान रहने के लिए सतर्क किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 1-2 दिन इन राज्यों में ऐसा ही मौसम रहेगा।
दिल्ली में आज बादल छाये हुए हैं और दिन में 2-3 बार बारिश होने के साथ तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। इसके चलते न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम 31 डिग्री तक पहुंच सकता है। मंगलवार रात को भी एनसीआर इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिली है। खराब मौसम के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमानों का संचालन प्रभावित हुआ है। इस दौरान 300 उड़ानें देरी से चली, जबकि 22 को दूसरे शहरों में डायवर्ट करना पड़ा।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

