-पीडि़त ने एसडीएम मिल्कीपुर से की शिकायत
मिल्कीपुर-अयोध्या 8 अप्रैल (आरएनएस)। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के मरेमा पूरे सूबेदार गांव में खेलकूद मैदान की सुरक्षित भूमि पर अवैध रूप से सड़क निर्माण कराने का मामला सामने आया है। पीडि़त ने इसको लेकर एसडीएम मिल्कीपुर को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान व लेखपाल की मिलीभगत से गांव के श्याम लाल,राम जी,नन्दलाल, गोकुल आदि लोग दबंगई के बल पर खेलकूद मैदान के लिए सुरक्षित भूमि गाटा संख्या 164 पर मिट्टी पटाई कर सड़क बनाने का प्रयास कर रहे हैं। जिस पर प्रधान ने ट्राली से मिट्टी भी डलवाना शुरू कर दिया है।इससे न सिर्फ खेल मैदान की भूमि प्रभावित हो रही है, बल्कि भविष्य में गांव के बच्चों के खेलकूद के लिए निर्धारित स्थान भी खत्म होने का खतरा पैदा हो गया है।
इनायत नगर थाना क्षेत्र के मरेमा पूरे सूबेदार गांव निवासी सत्यम ने एसडीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में आवागमन के लिए पहले से ही एक रास्ता मौजूद है। उस रास्ते को ही दुरुस्त करते हुए मिट्टी पटाई या खड़ंजा निर्माण कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंजर भूमि से होकर रास्ता बनाना अधिक उपयुक्त होगा, लेकिन उपर्युक्त लोग नियमों की अनदेखी कर प्रधान से मिलीभगत करके खेल मैदान की भूमि पर कब्जा कर सड़क बनाना चाहते हैं।जब कि पीडि़त शिकायत कर्ता सत्यम पुत्र राम लाल ने बताया कि उक्त खेलकूद मैदान पर लगे प्रतिबंध आम,नीम गुलर के हरे भरे पेड़ो को प्रधान व पुलिस के सामने ही विपक्षी काट कर नष्ट कर दिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि खेलकूद मैदान की भूमि को सुरक्षित रखा जाए और किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोका जाए। साथ ही पूर्व से संचालित रास्ते पर ही विकास कार्य कराया जाए, जिससे गांव के लोगों को आवागमन में भी सुविधा मिले और सार्वजनिक खेल मैदान की भूमि भी सुरक्षित रह सके। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मिल्कीपुर सुधीर कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और इसकी जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने राजस्व निरीक्षक और संबंधित लेखपाल को मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है और पीडि़त ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

