जगदीश यादव
कोलकाता 8 अप्रैल (आरएनएस)। एक तरह से दक्षिण कोलकाता का एक बड़े भाग की यातायात व्यवस्था आज तब थम गई जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए निकली। ‘ममता बनर्जी जिंदाबादÓ और ‘तृणमूल कांग्रेस जिंदाबादÓ के नारे लगाते समर्थकों की भारी भीड़ के बीच बनर्जी ने अपने कालीघाट आवास से अलीपुर सर्वे बिल्डिंग तक एक रोड शो का पैदल नेतृत्व किया। गोपालनगर मोड़ स्थित अलीपुर सर्वे बिल्डिंग में उन्होंने आज भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और कहा कि उनके जीवन में सब कुछ यहीं से शुरू हुआ। सीएम ममता के नामांकन के दौरान कोलकाता के मेयर और राज्य मंत्री फिरहाद हकीम की पत्नी रूबी हकीम प्रस्तावक के तौर पर सीएम के साथ मौजूद रहीं। इसके साथ नामांकन के दौरान वार्ड नंबर 71 के तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष बबलू सिंह और भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी के मिराज शाह के भी मौजूद रहें। तृणमूल प्रमुख ने अपना नामांकन दाखिल करने के बाद कहा, मैं भारी मन से यह कर रही हूं, इतने सारे लोगों के नाम अंतिम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। बाद में नाम जोडऩे का क्या मतलब है? सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि सभी वैध मतदाताओं को न्यायाधिकरणों के समक्ष अपील करने का मौका मिलेगा। हम फिर से जाएंगे और एक बार फिर न्याय की मांग करेंगे। उन्होंने बताया कि एसआईआर लिस्ट में अभी रिव्यू किए जा रहे 12 मिलियन नामों (1.2 करोड़) में से सिर्फ 3.2 मिलियन लोगों को ही वोट देने का मौका दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद, 5.8 मिलियन नामों का स्टेटस अभी भी अनसुलझा है. इसके अलावा, उन्होंने बताया कि, बहुत कम संख्या में फ्रॉड या मरे हुए वोटरों को छोड़कर, बहुत सारे लोग इस चुनाव में अपना वोट नहीं डाल पाएंगे। बहरहाल जो भी हो तृणमूल कांग्रेस ने बनर्जी के रोड शो और नामांकन दाखिल करने को भवानीपुर में बंगाल की बहुलवादी संस्कृति के संदेश के रूप में पेश किया, जो एक ऐसा निर्वाचन क्षेत्र है जहां गुजराती व्यापारी, बंगाली परिवार, पंजाबी परिवार और मुस्लिम निवासी दशकों से साथ-साथ रहते आए हैं। सत्तारूढ़ पार्टी ने भवानीपुर को ‘मिनी-इंडियाÓ और पश्चिम बंगाल की समावेशी पहचान के प्रतीक के रूप में पेश करने का प्रयास किया। पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे. मतों की गिनती चार मई को होगी। ममता बनर्जी ने कहा कि मेरा जन्म और पालन-पोषण भवानीपुर में ही हुआ है। मेरे जीवन की हर शुरुआत यहीं से हुई है। उन्होंने केवल भवानीपुर ही नहीं बल्कि राज्य की सभी 294 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं राज्य की जनता से अपील करती हूं कि वे हमारे प्रत्याशियों को विजयी बनाएं। इस बार हम और बड़े जनादेश के साथ जीत हासिल करेंगे।” उल्लेखनीय है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 213 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

