सुल्तानपुर 9 अप्रैल (आरएनएस)। शहर के गोराबारिक क्षेत्र में स्थित कंपोजिट मदिरा की दुकान को लेकर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तर प्रदेश के बैनर तले व्यापारियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर दुकान के संचालन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। व्यापारियों का आरोप है कि दुकान पर शराब खरीदने आने वाले लोग परिसर के बाहर ही खड़े होकर शराब का सेवन करते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है। नशे में धुत लोग गाली-गलौज करते हैं और कई बार अशोभनीय हरकतें करते हैं, जिससे खासकर महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा1 है।बताया गया कि दुकान के पास ही अस्पताल, मंदिर और मस्जिद जैसे महत्वपूर्ण स्थल स्थित हैं। इसके बावजूद दुकान के बाहर ही शराब पिलाने की व्यवस्था किए जाने से धार्मिक और सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। साथ ही सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से यातायात व्यवस्था भी बाधित हो रही है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दुकान के कर्मचारी ग्राहकों को पानी, गिलास आदि उपलब्ध कराते हैं, जिससे वे वहीं बैठकर शराब पीते हैं। विरोध करने पर दुकानदार और कर्मचारी अभद्रता करते हैं और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं।उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की जांच कर संबंधित दुकान के लाइसेंस की समीक्षा की जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही दुकान के बाहर शराब पीने पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने की मांग की गई है।इस दौरान प्रदेश महामंत्री मनोज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष खलीक खान, रहमान, मो. आजाद खान, नन्हे लाल समेत दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

