आधी रात हुई घटना, दो गिरफ्तार
प्रयागराज 9 अप्रैल (आरएनएस)। झूंसी थाना क्षेत्र में में मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों ने बुजुर्ग के घर पर बम फेंके। पहले जान से मारने की धमकी दी गई, फिर आधी रात घर के बाहर बम फेंक दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में रात 12:30 बजे के करीब तीन युवक गली में आते दिखते हैं। उनके पीछे एक युवती और महिला भी दिखाई देती हैं। कुछ ही मिनट बाद युवक एक घर को निशाना बनाकर बम चलाते हैं। धमाके के बाद गली में धुआं फैल जाता है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें कुछ नामजद और अन्य अज्ञात आरोपी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 62 वर्षीय अशोक कुमार झूंसी आवास विकास कॉलोनी सेक्टर- 3 के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि मोहल्ले में ही सुरेन्द्र सिंह के मकान में राज और शिवराज अपनी मां-बहन व दो-तीन अन्य लोगों के साथ किराए पर रहते हैं। आरोप है कि ये लोग अक्सर मोहल्ले में हंगामा करते रहते हैं और आए दिन विवाद करते हैं।
उन्होंने बताया कि सात अप्रैल की रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच आरोपी कुछ अन्य लोगों को बुलाकर जोर-जोर से हंगामा कर रहे थे। अशोक कुमार के अनुसार उनका बेटा देखने गया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बेटे को बचाने पत्नी पहुंची तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और बम लेकर उन्हें दौड़ा लिया। पत्नी और बेटा किसी तरह भागकर घर में छिपे। करीब डेढ़ घंटे बाद रात 12:30 बजे सभी आरोपी दोबारा घर पर चढ़ आए। वे बाहर निकलने और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। परिवार ने गेट के पास आकर समझाने की कोशिश की, तभी आरोपियों ने बम फेंक दिया। जोरदार धमाके से गली में धुआं फैल गया।
परिवार ने घर के भीतर भागकर जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
एसीपी झूंसी कुंजलता ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार नामजद और दो-तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हत्या के प्रयास, बमबाजी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

