भाई समेत नामजद, आसिफ पर संगीन धाराओं के कुल 17 मुकदमे
प्रयागराज 9 अप्रैल (आरएनएस)। करेली में बिस्मिल्लाह चौराहे के पास प्रॉपर्टी डीलर इरफान गद्दी की सरेशाम गोली मारकर हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद के शूटर रहे आसिफ दुर्रानी और उसके भाई राशिद दुर्रानी का नाम सामने आया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
इरफान के परिजनों के अनुसार उनका दुर्रानी बंधुओं से लंबे समय से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिलवाया गया। डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि नामजद आरोपियों के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। पुलिस की टीमें कसारी मसारी स्थित दुर्रानी के ठिकानों पर दबिश दे चुकी हैं, लेकिन अभी तक आरोपी फरार हैं।
घटना जिस तरीके से अंजाम दी गई, उसे इस बात की भी आशंका जताई जा रही हैं कि इसमें भाड़े के शूटरों का इस्तेमाल हुआ। इरफान अपने घर से करीब 250 मीटर दूर चाय की दुकान पर बैठे थे। तभी दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे। सभी ने चेहरे ढके हुए थे। एक बदमाश ने उतरकर सीधे सीने में गोली मारी। वारदात के बाद आरोपी आराम से फरार हो गए। बदमाशों को सटीक जानकारी थी कि इरफान चाय की दुकान पर बैठे हुए हैं।
मुख्य आरोपी आसिफ दुर्रानी का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास समेत 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। माफिया अतीक अहमद के साथ कई मामलों में नामजद रहा है। 2020 में अवैध स्लॉटर हाउस संचालन का मामला सामने आया था। 2021 में पीडीए द्वारा उसके आलीशान मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की गई थी। गवाहों को धमकाने जैसे गंभीर आरोप भी दर्ज हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

