अयोध्या 9 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के तारुन थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुरौली में तालाब की जुताई कर वापसी में ट्रैक्टर पलटने से 25 वर्षीय चालक राकेश चौरसिया की जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना बुधवार देर शाम की है।बताया जा रहा कि राकेश मत्स्य पालन के लिए तालाब की जुताई कर रहे थे। तालाब से बाहर निकलते समय ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया, जिससे राकेश उसके नीचे दब गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला। गांव के मोनू मिश्रा के साथ परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तारुन ले गए, जहां डॉक्टर नहीं मिलने पर रामपुर भगन स्थित एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि मृतक राकेश चौरसिया विवाहित थे और उनका विवाह एक वर्ष पूर्व हुआ था। वह भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पिता चंद्रिका चौरसिया, माता और बड़े भाई विजय चौरसिया, अजय चौरसिया, सूरज चौरसिया हैं। थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद शव घर पहुंचने पर गांव में शोक छा गया और मृतक का अंतिम संस्कार दिलासीगंज घाट के सरयू तट पर किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

