उप्र अपराध निरोधक समिति के प्रतिनिधिमंडल ने की उच्च पुलिस अधिकारियों से भेंट
प्रयागराज 9 अप्रैल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति, लखनऊ के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आज वाइस चेयरमैन डॉ. आर.एस. वर्मा (पूर्व आईएएस) एवं सचिव संतोष कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रयागराज में उच्च पुलिस अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में जितेंद्र श्रीवास्तव, राकेश शर्मा, मोहम्मद अहमद एवं संदीप सोनी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने अपर पुलिस महानिदेशक, प्रयागराज जोन ज्योति नारायण, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रयागराज परिक्षेत्र अवधेश कुमार मिश्रा तथा पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज जोगेंद्र सिंह से अलग-अलग भेंट कर समिति द्वारा जनहित में संचालित विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर समिति की वार्षिक रिपोर्ट भी अधिकारियों को सौंपी गई। भेंट के दौरान समाज में अपराध नियंत्रण, नशा मुक्ति, साइबर जागरूकता एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने कहा कि प्रयागराज जोन के समस्त जनपदों के पुलिस अधिकारियों को शीघ्र ही अपराध निरोधक समिति की जनपद स्तरीय समिति का सहयोग लेने और समन्वय स्थापित कर ‘पुलिस मित्रÓ की भावना के अंतर्गत संयुक्त रूप से कार्य करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, जिससे आम जनमानस में शासन-प्रशासन की सकारात्मक एवं विश्वासपूर्ण छवि विकसित हो सके।
पुलिस आयुक्त जोगेंद्र सिंह ने कहा कि शीघ्र ही समिति के साथ पुलिस लाइन में एक विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी रणनीतियों, जनजागरूकता अभियानों एवं पुलिस-जन सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा होगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिस एवं समाज के बीच मजबूत संवाद होने से शासन-प्रशासन के प्रति जनता में विश्वास बढ़ेगा और शांति व्यवस्था कायम करने में बेहतर सहयोग प्राप्त होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

