अल्मोड़ा,09 अपै्रल (आरएनएस)। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह ने गुरुवार को कोतवाली अल्मोड़ा का वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, बैरक और भोजनालय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की गई। अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर उन्हें अद्यतन रखने तथा कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं, शिकायतों और वारंटों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण और शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने को कहा गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने जवानों को शस्त्र संचालन का अभ्यास भी कराया और उनकी जानकारी परखी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर अपर उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र जोशी को पुरस्कृत किया गया। साथ ही बलवा ड्रिल और भीड़ नियंत्रण से संबंधित अभ्यास भी कराया गया। निरीक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन उपकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्हें हमेशा कार्यशील रखने के निर्देश दिए गए। थाने में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा थाना क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, बीट प्रणाली को सक्रिय रखने, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने तथा सत्यापन और जनजागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान कोतवाली प्रभारी योगेश चंद्र उपाध्याय, सतीश चंद्र कापड़ी, रमेश बोरा, दिनेश परिहार, आनंद बल्लभ कश्मीरा और रिकी सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

