रुद्रपुर,09 अपै्रल (आरएनएस)। नानकमत्ता पुलिस ने एक संदिग्ध बैंक खाताधारक के खिलाफ साइबर ठगी के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। इस खाते से जुड़े 82 से अधिक साइबर फ्रॉड की शिकायतें विभिन्न राज्यों से प्राप्त हुई हैं। साइबर सेल रुद्रपुर द्वारा म्यूल अकाउंट की जानकारी नानकमत्ता कोतवाली को उपलब्ध कराई गई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। एसआई संजय कुमार की तहरीर पर अज्ञात खाताधारक के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। कोतवाल मंजू पांडे के अनुसार, जांच में सामने आया है कि इस बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बार-बार किया जा रहा था। ठगों द्वारा लोगों को मोबाइल कॉल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न ऑनलाइन एप्लिकेशन के माध्यम से निवेश पर अधिक रिटर्न, नौकरी के अवसर और ऑनलाइन ट्रेडिंग में लाभ का झांसा दिया गया। पीडि़तों को झूठे आश्वासन देकर उक्त खाते में धन ट्रांसफर कराया गया। जांच में यह खाता नानकमत्ता के कल्याणपुर क्षेत्र से जुड़ा पाया गया है। प्रथम दृष्टया यह खाता वास्तविक बैंकिंग कार्यों के लिए नहीं, बल्कि धोखाधड़ी से अर्जित धन को ठिकाने लगाने के लिए बनाया गया था। पुलिस को इस मामले में संबंधित बैंक अधिकारियों की भूमिका पर भी संदेह है। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और खाताधारक की पहचान व नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

