– मैराथन के पुरुष में रीत और महिला वर्ग में सिमरन अव्वल
ऋषिकेश,09 अपै्रल (आरएनएस)। एनएसयूआई की ओर से गुरुवार को आईडीपीएल हॉकी ग्राउंड में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन के पुरुष वर्ग में रीत थापा ने पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने यह दूरी आठ मिनट में पूरी की। निखिल रावत दूसरे और जतिन तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, महिला वर्ग में सिमरन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। स्नेहा दूसरे और प्रिया तीसरे स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयेंद्र रमोला ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और एनएसयूआई युवाओं को एक मजबूत मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को संगठित करने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा, रोजगार और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हैं, जिससे वे सशक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम संयोजक एवं एनएसयूआई अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने कहा कि संगठन युवाओं के लिए एक सशक्त मंच के रूप में उभर रहा है। हमारा उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें संगठित करना है, ताकि वे अपने भविष्य को संवारने के साथ-साथ देश और समाज के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा सकें। मौके पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह, व्यापार सभा अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, पूर्व मंडी अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, खेल सचिव पुष्कर गौड़, छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष तडिय़ाल, मानव रावत, गौरव जोशी, रिहान बंदोलिया, अर्पित बंदोलिया, आनंद यादव, सचिन यादव, दीपा भारद्वाज, इशांत, सुजल थापा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
०
(ऋषिकेश)परमार्थ गंगाघाट पर लगी एक्सिस बैंक की एलईडी स्क्रीन==
ऋषिकेश,09 अपै्रल (आरएनएस)। एक्सिस बैंक ने ऋषिकेश के प्रसिद्ध परमार्थ निकेतन आश्रम के बाहर दो एलईडी स्क्रीन लगाई हैं। इसका मकसद इस खास आध्यात्मिक जगह पर आने वाले पर्यटकों को आसानी से जानकारी देने के साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। गुरुवार को एलईडी स्क्रीन का उद्घाटन परमार्थ निकेतन आश्रम के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने किया। इन स्क्रीन पर पर्यटकों को रास्ता दिखाने में मदद, जरूरी हेल्पलाइन नंबर और पास के महत्वपूर्ण स्थानों जैसे अस्पताल, मंदिर और आपातकालीन सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, स्क्रीन पर धोखाधड़ी से बचने के संदेश, गंगा आरती का लाइव प्रसारण और आश्रम द्वारा नियमित रूप से की जाने वाली सफाई और पौधारोपण जैसी गतिविधियों की जानकारी भी दिखाई जाएगी। साथ ही, एक्सिस बैंक ने आश्रम में स्वयं-सेवा कियोस्क भी लगाए हैं, जिससे पर्यटक आसानी से ई-दान कर सकते हैं और सुरक्षित डिजिटल अनुभव का लाभ ले सकते हैं। इस मौके पर उत्तर 3, एक्सिस बैंक के ईवीपी और क्षेत्रीय शाखा बैंकिंग प्रमुख किश पी ने कहा कि परमार्थ निकेतन आश्रम में एलईडी स्क्रीन लगाने का मकसद हर साल गंगा घाट पर आने वाले लाखों पर्यटकों को सुविधा, सुरक्षा और जरूरी जानकारी पहुंचाना है। एक्सिस बैंक वित्तीय सेवाओं के अलावा भी समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। परमार्थ निकेतन आश्रम और उसके आसपास के गंगा घाट पर हर साल देश और विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु आते हैं। इतने ज्यादा लोगों को सही समय की जानकारी देने की जरूरत को देखते हुए एक्सिस बैंक ने ये एलईडी स्क्रीन लगाई हैं। ये स्क्रीन आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को बढ़ाने में मदद करेंगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

