कोटद्वार,09 अपै्रल (आरएनएस)। मुख्य अभियंता अश्वनी कुमार ने बृहस्पतिवार को कोटद्वार के रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन भवन का आकस्मिक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं। निरीक्षण के दौरान नाराज मुख्य अभियंता ने निर्माण प्रभारी और कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर दिव्यांग यात्रियों के लिए बनाए गए शौचालय के रैंप की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई। मुख्य अभियंता के निर्देश पर एक स्वस्थ रेलकर्मी द्वारा व्हीलचेयर चढ़ाने का प्रयास किया गया लेकिन रैंप पर व्हीलचेयर नहीं चढ़ सकी। बाद में दूसरे कर्मचारी की मदद से व्हीलचेयर को बमुश्किल ऊपर ले जाया गया। स्टेशन पर स्टेंड-पोस्ट से टोटियां गायब मिलीं जबकि वाटर कूलर मानक से अधिक ऊंचाई पर स्थापित पाया गया। प्लेटफॉर्म की फर्श पर टाइल और पत्थर अव्यवस्थित तरीके से लगे मिले। निर्माणाधीन भवन के भूतल पर स्थित वातानुकूलित प्रतीक्षालय में मानक से अधिक पंखे लगे पाए गए। शौचालयों में एग्जॉस्ट सिस्टम नहीं मिला और फर्श की टाइलें असमान रूप से लगी हुई पाई गईं। कई स्थानों पर बीम को काटकर उसमें विद्युत फिटिंग की गई थी जो निर्माण मानकों के विपरीत है। इसके अलावा, चौखट और खिड़कियां आड़ा-तिरछा फिट की गई थीं। दीवारों में पुट्टी के बाद दोबारा कटिंग कर बिजली फिटिंग की गई थी। ड्रेनेज सिस्टम भी संतोषजनक नहीं पाया गया और पाइपलाइन अव्यवस्थित तरीके से बिछाई गई थी। ऊपरी मंजिल पर फर्श पर पानी जमा मिला जबकि कुछ स्थानों पर बीम के नीचे दीवार तक नहीं बनाई गई थी। मुख्य अभियंता ने गति शक्ति यूनिट प्रभारी और कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों से नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी खामियों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन परिसर के बाहर स्थित बुकिंग कार्यालय को शीघ्र नए भवन में स्थानांतरित करने और बाहरी हिस्से में निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्टेशन के बाहर बनीं दुकानों को हटाने के संबंध में पूछे जाने पर अधिकारियों ने बताया कि इस बाबत पौड़ी प्रशासन से पत्राचार किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान दिल्ली और मुरादाबाद से आए रेलवे अधिकारी तथा कोटद्वार स्टेशन अधीक्षक भी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

