उत्तरकाशी,09 अपै्रल (आरएनएस)। होटल एसोसिएशन से जुड़े यात्रा व्यवसायियों ने सीजन से पहले सड़कों की स्थिति में सुधार न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। होटल व्यवसायियों का कहना है कि बीआरओ गंगोत्री हाईवे की स्थिति में सुधार नहीं कर पा रहा है। उन्होंने सड़क निर्माण और रखरखाव का कार्य बीआरओ से हटाकर लोनिव को हस्तांतरित करने की मांग उठाई है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा और सचिव सुभाष कुमाईं ने बताया कि गंगोत्री हाईवे धरासू लेकर गंगोत्री तक जगह-जगह क्षतिग्रस्त और उबड़-खाबड़ हालत में है। भटवाड़ी से लेकर सोनगाड, धराली तक मार्ग पर भूस्खलन जोन बेहद खतरनाक बने हैं और रोड संकरी होने से आवागमन मुश्किल बना है। चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है लेकिन धरातल पर तैयारी अधूरी है। उन्होंने कहा कि बीआरओ से सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य लोनिवि को हस्तांतरित किया जाना चाहिए। इस संबंध में गत दिवस जनपद भ्रमण पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को भी ज्ञापन सौंपा गया जिसमें होटल व्यवसायियों ने यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। मार्ग पर जगह-जगह लगाए गए पुलिस बैरियरों को हटाने की मांग करते हुए कहा कि इससे यातायात बाधित होता है और यात्रियों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ती है। हालांकि यात्रा व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक में मंत्री बहुगुणा डामटा बैरियर को हटाने के लिए एसपी को निर्देशित कर चुके हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

