उत्तरकाशी,09 अपै्रल (आरएनएस)। जिला मुख्यालय के नजदीक स्थित बग्याल गांव को जोडऩे वाली सड़क खस्ताहाल है। सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त पड़ी है। सड़क पर कुछ साल पहले किया गया डामरीकरण भी समय से पहले पूरी तरह से उखड़ चुका है। इसके चलते ग्रामीण जोखिम भरा सफर करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने सड़क की हालत में सुधार की मांग रखी है।
तेखला से बग्याल गांव तक चार किमी सड़क का निर्माण कार्य वर्ष 2018 में शुरू हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर कटिंग का काम साल 2019 अंत तक पूरा हो गया था। कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई ने वर्ष 2022-23 में सड़क पर डामरीकरण करवाया लेकिन डामर समय से पहले ही उखड़ गया। वर्तमान में सड़क बेहद खस्ताहाल स्थिति में है। जगह-जगह सड़क पर पत्थरों के ढेर और गड्ढे बने हैं। सड़क पर उड़ती धूल से भी राहगीर परेशान हैं। ग्राम प्रधान पुष्पा भट्ट, पूर्व प्रधान प्रथम सिंह का कहना है कि सड़क कटिंग कार्य के दौरान गांव के आम रास्ते और पुस्ते भी क्षतिग्रस्त हो गए थे लेकिन विभाग ने आज तक उनकी मरम्मत नहीं की है जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क की हालत इतनी खराब है कि कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। मार्ग से लोगों को हिचकोले भरा सफर तय कर गांव पहुंचना पड़ रहा है। विभागीय ठेकेदार की जिम्मेदारी बनती है कि डामरीकरण समय से पहले उखड़ा है तो उसकी मरम्मत की जाए लेकिन कोई सुध नहीं ली जा रही है। कई बार विभागीय अधिकारियों को भी सड़क सुधारीकरण के लिए गुहार लगा चुके हैं पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में विभाग के ईई से बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने मीटिंग का हवाला देकर फोन रिसीव नहीं किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

