लखनऊ 10 अप्रैल (आरएनएस )। शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन कायम रखने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ विशेष सख्त अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान कुल 101 स्थानों पर व्यापक चेकिंग की गई, जिसमें 2224 व्यक्तियों की जांच करते हुए 396 लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए चालान किए गए।यह विशेष अभियान 9 अप्रैल 2026 को रात्रि 9 बजे से 11 बजे तक लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के सभी जोनों में एक साथ चलाया गया। अभियान पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशानुसार तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। सभी जोनों के पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्तों और थाना प्रभारियों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से चेकिंग अभियान चलाया।अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, दुकानों के बाहर, पार्कों, बाजारों, बस स्टैंड, चौराहों तथा अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में खुले में बैठकर शराब पीने, शराब पीकर हुड़दंग करने तथा राहगीरों, विशेषकर महिलाओं और आम नागरिकों को असुविधा पहुंचाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। जांच के दौरान 101 स्थानों पर कुल 2224 व्यक्तियों की चेकिंग की गई, जिनमें से 396 व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते हुए पाए गए। इनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत चालान की कार्रवाई की गई और भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।जोनवार कार्रवाई के अंतर्गत उत्तरी जोन में 20 स्थानों पर 376 व्यक्तियों की जांच करते हुए 78 लोगों का चालान किया गया। दक्षिणी जोन में 20 स्थानों पर 387 व्यक्तियों की जांच में 45 लोगों पर कार्रवाई की गई। पूर्वी जोन में 19 स्थानों पर 470 व्यक्तियों की जांच के दौरान 70 चालान किए गए। पश्चिमी जोन में सबसे अधिक 21 स्थानों पर 585 व्यक्तियों की जांच करते हुए 125 लोगों पर कार्रवाई की गई, जबकि मध्य जोन में 21 स्थानों पर 406 व्यक्तियों की जांच कर 78 लोगों का चालान किया गया।पुलिस टीमों द्वारा गोपालपुरवा, पेपर मिल रोड, रिंग रोड, मोतीनगर, राजेंद्र नगर, कल्ली पश्चिमी, जगतखेड़ा मोड़, सलेमपुर, 60 फिटा रोड, इंजीनियरिंग चौराहा, मिर्जागंज चौराहा, तिवारीगंज, गीतापुरी मार्केट, खरगापुर चौराहा और हुसाडिय़ा जैसे भीड़-भाड़ वाले प्रमुख स्थानों पर विशेष रूप से सघन चेकिंग की गई। इन स्थानों पर पुलिस की उपस्थिति से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई और सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखने का संदेश गया।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नागरिकों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है और आगे भी इसे निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध तत्काल और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस आयुक्त ने कहा कि लखनऊ पुलिस का उद्देश्य शहर में शांति, सुरक्षा और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से कानून का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हुड़दंगई से दूर रहने की अपील की, ताकि शहर में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

