लखनऊ 10 अप्रैल (आरएनएस )। ए.के. शर्मा ने आज संगम सभागार में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड तथा प्रदेश के सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों के साथ समीक्षा बैठक कर आगामी गर्मी के मौसम में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए की गई तैयारियों का गहन मूल्यांकन किया।बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि विद्युत व्यवस्था का मूल उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा प्रदान करना है और सिस्टम में जनता सर्वोपरि है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ता हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाए तथा विद्युत से संबंधित शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं का भरोसा व्यवस्था पर बना रहे।स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में किसी भी प्रकार की भ्रांति या असमंजस की स्थिति नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया, जिससे उपभोक्ता स्मार्ट मीटर के लाभ, उपयोगिता और संचालन प्रणाली को सही ढंग से समझ सकें और उसका सहज उपयोग कर सकें।ऊर्जा मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर में पर्याप्त बैलेंस बनाए रखने के लिए समय-समय पर जागरूक किया जाए तथा बैलेंस समाप्त होने से पूर्व उन्हें समय रहते सूचना उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी उपभोक्ता का बैलेंस रात्रि के समय समाप्त होता है, तो उसका विद्युत कनेक्शन रात में नहीं काटा जाएगा। इसी प्रकार, अवकाश के दिनों में भी किसी उपभोक्ता का कनेक्शन विच्छेदित नहीं किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े और आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रह सकें स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए मंत्री ने अलग से विशेष काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और उन्हें एक ही स्थान पर शीघ्र समाधान मिल सके। इसके साथ ही शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं उत्तरदायी बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से क्षमता वृद्धि के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ट्रांसफार्मर, फीडर और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को समय रहते सुदृढ़ किया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में बढ़ती विद्युत मांग के बावजूद निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने फील्ड स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग, जवाबदेही तय करने और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।समीक्षा बैठक में आशीष गोयल, पंकज कुमार सहित सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयासों पर विशेष बल दिया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

