रुद्रपुर,10 अपै्रल (आरएनएस)। प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को पढ़ाई के अनावश्यक दबाव से राहत देने के लिए शासन ने अहम निर्णय लागू कर दिया है। नए आदेश के तहत अब कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए होमवर्क, पाठ्यक्रम और स्कूल बैग के वजन को लेकर सख्त नियम तय किए गए हैं। ऊधमसिंह नगर जिले के सभी निजी सीबीएसई, आईसीएसई तथा उत्तराखंड बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। जारी निर्देशों के अनुसार कक्षा 1 और 2 के बच्चों को किसी भी प्रकार का गृहकार्य नहीं दिया जाएगा, जिससे वे प्रारंभिक शिक्षा को सहज और आनंदपूर्ण तरीके से ग्रहण कर सकें। वहीं कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए सप्ताह में अधिकतम 2 घंटे का ही होमवर्क निर्धारित किया गया है। इससे अधिक कार्य देने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पाठ्यक्रम को भी सीमित करते हुए कक्षा 1 और 2 में केवल भाषा और गणित विषय ही पढ़ाए जाएंगे। कक्षा 3 से 5 में भाषा, गणित और पर्यावरण विज्ञान तक ही पढ़ाई सीमित रहेगी। अन्य विषयों को शामिल करने की अनुमति नहीं होगी और विद्यालयों को केवल एनसीईआरटी की पुस्तकों का ही उपयोग करना अनिवार्य किया गया है। स्कूल बैग के वजन को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बच्चों के बैग का वजन 1.6 किलोग्राम से अधिकतम 4.5 किलोग्राम तक ही सीमित रखा जाएगा। साथ ही स्कूलों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि एक दिन में केवल 2 से 3 विषय ही पढ़ाए जाएं, ताकि बच्चों को अनावश्यक किताबें न लानी पड़ें। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को इन नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

