देहरादून,10 अपै्रल (आरएनएस)। मसूरी में धरना प्रदर्शन के लिए कैमल बैक हवाघर चयनित किया गया है। नगर प्रशासन, नगर पालिका व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मसूरी की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने इस संबंध में आदेश दिए हैं। इसमें कहा कि पर्यटक स्थल मसूरी में धरना प्रदर्शन करने को वैकल्पिक स्थल के चयन के लिए नायब तहसीलदार, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी व प्रभारी निरीक्षक की संयुक्त टीम बनायी गयी है। सर्व सम्मति से कैमल बैक रोड स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा पार्क का चयन किया है। ताकि सार्वजनिक सुरक्षा, यातायात व्यवस्था बनी रहे। इसके लिए यह स्थल उपयुक्त पाया गया। इस स्थल पर प्रदर्शनकारियों के लिए खुला स्थल है तथा वहां पर सुरक्षा बलों के प्रबंधन को अनुकूल, भौगोलिक स्थित होने व भविष्य में किसी बड़े जमावड़े को नियंत्रित करने के लिए सामरिक दृष्टि से श्रेष्ठ होने की संस्तुति की गयी। मसूरी में विभिन्न व्यक्तियों के द्वारा धरना प्रदर्शन आदि वैकल्पिक स्थल का चयन किया जाना पर्यटक स्थल के लिए नितांत आवश्यक है। इसके आधार पर गठित समिति के द्वारा प्रस्तुत संस्तुति को स्वीकार किया जाता है। मसूरी कैमल बैक रोड स्थित हवा घर को तत्काल प्रभाव से धरना प्रदर्शन के लिए अधिकृत स्थल के रूप में चयनित किया जाता है।—-बाक्स – सभासद गीता धरना प्रदर्शन स्थल का विरोध कियानगर पालिका सभासद गीता कुमाई ने एसडीएम मसूरी को ज्ञापन देकर कैमल बैक रोड हवा घर पर धरना प्रदर्शन स्थल घोषित किए जाने का विरोध किया। उन्होंने बताया कि कैमल बैक रोड एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां स्थानीय नागरिक, पर्यटक एवं वरिष्ठ नागरिक नियमित रूप से भ्रमण को आते हैं। संबंधित हवा घर में विश्राम भी करते हैं। मार्ग की वर्तमान जर्जर स्थिति पहले से ही सुरक्षा की दृष्टि से चिंताजनक है। पर्यटन सीजन की शुरूआत भी हो चुकी है। पर्यटन सीजन में इस मार्ग को वन वे संचालित भी किया जाता है तथा मेडिकल इमरजेंसी के लिए भी इसी मार्ग का उपयोग किया जाता है। देश विदेश के लोग शामिल होते हैं। ऐसी स्थिति में इस संवेदनशील स्थल को धरना प्रदर्शन के लिए चिन्हित करना ना तो व्यावहारिक है और ना ही जन सुविधा एवं सुरक्षा के अनुरूप है। उन्होंने मांग की कि कैमल बैक रोड हवाघर को धरना प्रदर्शन स्थल सूची से तत्काल बाहर किया जाय।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

