देहरादून,10 अपै्रल (आरएनएस)। उच्च शिक्षा में उद्योग और अकादमिक सहयोग को नई दिशा देते हुए यूपीईएस स्कूल ऑफ बिजनेस और ईवाई इंडिया ने सात नए शैक्षणिक कार्यक्रमों की शुरुआत की है। इन कार्यक्रमों को को डिजाइन, को क्रिएट और को डिलीवर मॉडल के तहत तैयार किया है। जो छात्रों को सीधे उद्योग से जोडऩे का काम करेंगे। नए कार्यक्रमों में तीन एमबीए और चार अंडरग्रेजुएट कोर्स शामिल हैं। एमबीए स्तर पर एआई फॉर बिजनेस, फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी और इन्वेस्टमेंट बैंकिंग एंड कैपिटल मार्केट्स जैसे आधुनिक विषय शामिल किए हैं। स्नातक स्तर पर बीबीए डेटा साइंस- एआई, बीकॉम अकाउंटिंग एंड फाइनेंस, बीकॉम बैंकिंग एंड इंश्योरेंस और बीकॉम इंटरनेशनल फाइनेंस जैसे कोर्स शुरू किए हैं।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को व्यवसाय, वित्त और तकनीक के क्षेत्र में मजबूत आधार देना है। वहीं खास बात यह है कि एमबीए प्रोग्राम्स में 600 घंटे से अधिक और अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम्स में 270 घंटे से अधिक शिक्षण सीधे ईवाई इंडिया के विशेषज्ञों की ओर से करवाया जाएगा। इससे छात्रों को वास्तविक उद्योग परिदृश्य, कार्यप्रणाली और चुनौतियों का अनुभव मिलेगा। कार्यक्रमों को वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेजी से हो रहे बदलावों जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल फाइनेंस, डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया और बदलते बिजनेस मॉडल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। ईवाई इंडिया के पार्टनर मोहम्मद फुरकान वारसी ने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान नहीं, बल्कि निर्णय लेने की क्षमता और व्यावहारिक समझ भी जरूरी है। यूपीईएस स्कूल ऑफ बिजनेस के एसोसिएट डीन अरूप मजूमदार ने कहा कि यह पहल छात्रों को भविष्य के कार्यस्थल के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

