देहरादून,10 अपै्रल (आरएनएस)। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में शुक्रवार को सुप्रसिद्ध लेखक विक्रम सेठ की चर्चित कृति बीस्टली टेल्स फ्रॉम हियर एंड देयर के हिंदी अनुवाद ‘इधर-उधर के जंगली किस्सेÓ का लोकार्पण किया गया। अनुवाद मोहिनी गुप्ता ने किया है और इसे स्पीकिंग टाइगर बुक्स ने प्रकाशित किया है। लोकार्पण के बाद यौवनिका चोपड़ा के साथ पुस्तक पर चर्चा हुई, जिसमें मूल अंग्रेजी कृति और उसके हिंदी अनुवाद के विभिन्न पहलुओं भाषा, शैली, लय और कथ्य पर विस्तार से विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि 1992 में प्रकाशित यह कृति भारत, चीन, ग्रीस और यूक्रेन की लोककथाओं के साथ ‘गप देशÓ की कल्पनात्मक कहानियों का रोचक संकलन है। अनुवादक मोहिनी गुप्ता ने बताया कि छंदात्मकता को बनाए रखते हुए हिंदी में रूपांतरण करना चुनौतीपूर्ण, लेकिन रचनात्मक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यह अनुवाद नई पीढ़ी और द्विभाषी पाठकों तक इस क्लासिक को पहुंचाने का प्रयास है। मौके पर दून पुस्तकालय के निदेशक प्रो. बीके जोशी, बीना जोशी, विभूति भूषण भट्ट, नीता गुप्ता, निकोलस हॉफलैंड, चन्द्रशेखर तिवारी, डॉ. डीके पाण्डे, सुंदर सिंह बिष्ट, केबी.नैथाणी, विवेक तिवारी, मनोज पंजानी, रजनीश त्रिवेदी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

