विक्की कौशल के लिए साल 2025 बेहद शानदार साबित हुआ। उनकी ऐतिहासिक फिल्म छावा ने भारत में करीब 800 करोड़ के आसपास कारोबार करते हुए उन्हें सफलता दिलाई। अब फैंस की नजरें अभिनेता की अगली फिल्म महावतार पर टिकी हुई हैं। मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित इस पौराणिक महाकाव्य को लेकर ताजा अपडेट है कि अभिनेत्री श्रद्धा कपूर इस परियोजना से जुड़ सकती हैं। इस खबर ने अभी से फैंस को बेहद उत्साहित कर दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्त्री फ्रैंचाइजी के निर्देशक अमर कौशिक अपनी महात्वकांक्षी परियोजना महावतार के लिए श्रद्धा से बाचीत कर रहे हैं। अगर सबकुछ तय हो जाता है तो फिल्म की शूटिंग जून, 2026 से शुरू की जा सकती है। सूत्र ने कहा, श्रद्धा इस किरदार के लिए बिल्कुल सही हैं। टीम ऐसी अभिनेत्री की तलाश में थी जो स्टार वैल्यू और दमदार उपस्थिति ला सके। निर्माताओं को उम्मीद है कि विक्की कौशल के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को पसंद आएगी।
महावतार में विक्की के साथ मुख्य किरदार के लिए श्रद्धा पहली अभिनेत्री नहीं हैं, उनसे पहले दीपिका पादुकोण का नाम चर्चा में था। ऐसी खबर थी कि दीपिका इस पौराणिक परियोजना में विक्की के साथ मुख्य महिला किरदार निभा सकती हैं, क्योंकि निर्माता उनके साथ बातचीत कर रहे हैं। अब ऐसा लगता है कि फिलहाल निर्माताओं ने श्रद्धा पर अपना ध्यान केंद्रित कर लिया है। फिलहाल श्रद्धा को आने वाले समय में बायोपिक फिल्म ईथा में देखा जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

