नई दिल्ली,11 अपै्रल (आरएनएस)। कहते हैं कानून के हाथ लंबे होते हैं, देर से ही सही अपराधी की गर्दन तक पहुंच ही जाते हैं. ऐसा ही कुछ साबित कर दिया है कि दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने. जहां 35 साल से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, आरोपी 1991 से फरार चल रहा है.
ये 35 साल पुराने सनसनीखेज हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई है. आरोपी की पहचान छवि लाल वर्मा के रूप में हुई है, जो वारदात के बाद से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा.
पुलिस के मुताबिक, 2 अगस्त 1991 को त्रिलोकपुरी थाना क्षेत्र के वेस्ट विनोद नगर में एक महिला की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उसके बेटे पर भी जानलेवा हमला किया गया था. घायल बेटे को इलाज के बाद बचा लिया गया था, लेकिन महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. जांच में सामने आया था कि आरोपी उसी मकान में किरायेदार के रूप में रहता था और लूट के इरादे से उसने वारदात को अंजाम दिया था.
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और साल 1996 में उसे अपराधी घोषित कर दिया गया. मामले की जांच क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल को सौंपी गई, जिसने पिछले छह महीनों से लगातार तकनीकी सर्विलांस और फील्ड इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की.
आखिरकार पुलिस को आरोपी की लोकेशन पंजाब के लुधियाना में मिली. टीम ने वहां छापेमारी कर 10 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे अपनी मकान मालकिन के पास पैसे होने का शक था, जिसके चलते उसने लूट के इरादे से हमला किया था.
डीसीपी आदित्य गौतम ने बताया कि आरोपी पिछले 35 वर्षों से देश के अलग-अलग शहरों में छिपकर रह रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान बदलता रहा. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

