हरिद्वार,11 अपै्रल (आरएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से संचालित भारत-तिब्बत सहयोग मंच की दिल्ली में आयोजित बैठक में भूपतवाला स्थित श्री चेतन ज्योति आश्रम के महंत शिवम महाराज को उत्तराखंड प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इन्द्रेश कुमार और मंच के राष्ट्रीय महामंत्री पंकज गोयल की संस्तुति पर की गई। उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने बताया कि महंत शिवम महाराज का जीवन सामाजिक सेवा और धार्मिक गतिविधियों के प्रति समर्पित रहा है। संगठन को उनसे नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है और उनके नेतृत्व में मंच का विस्तार होगा। महंत शिवम महाराज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रथम वर्ष प्रशिक्षित स्वयंसेवक हैं, जिससे उन्हें संगठनात्मक कार्यों का अनुभव है। उन्होंने कहा कि उन्हें सौंपे गए दायित्व का वह पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करेंगे। मंच के उद्देश्यों में तिब्बत की आजादी, कैलाश मानसरोवर की मुक्ति, तिब्बती शरणार्थियों का सहयोग और चीनी अतिक्रमण के खिलाफ जनजागरूकता शामिल है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

