हरिद्वार,11 अपै्रल (आरएनएस)। कनखल क्षेत्र में देश रक्षक चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुए विवाद में पुलिस ने दूसरे पक्ष की ओर से भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस बीच, पहले दर्ज मुकदमे में पेट्रोल पंप कारोबारी का नाम सामने आने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है, क्योंकि कारोबारी ने घटना के समय मौके पर मौजूद न होने का दावा किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में देशरक्षक स्थित पेट्रोल पंप पर काम करने वाले ऐश्वर्य रस्तोगी निवासी गणेश विहार फेज-5 कटारपुर ने बताया कि नौ अप्रैल को वह अपनी गाड़ी का लॉक खुलवाने के लिए पंप पर पहुंचा था। इसी दौरान नीरज अग्रवाल अपने एक अन्य साथी के साथ वहां आया और पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।पीडि़त का कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया, जिसमें उसके सिर, सीने और कंधे में गंभीर चोटें आईं। पीडि़त ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने के बाद उसने पुलिस का रुख किया। उधर, इस पूरे मामले में पेट्रोल पंप कारोबारी प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद ही नहीं थे। इसके बावजूद उनका नाम मुकदमे में शामिल कर दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

