भोपाल 12 April, (Rns) : मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने कुचल दिया। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना जबलपुर-अमरकंटक हाईवे पर गाड़ासरई थाना क्षेत्र के किकरातालाब के पास देर रात हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि मृतक परसवाह, करबे मट्टा और उफरी गांव के निवासी थे। सभी लोग शनिवार को सिलियारी गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे। रास्ते में वाहन पंचर हो जाने के कारण वे रात करीब 12:30 बजे सड़क किनारे खड़े होकर टायर बदलने का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान अमरकंटक की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ लोग करीब 10 फीट तक उछल गए। कंटेनर ने इसके बाद एक छोटी मड़िया, बिजली के पोल और यात्री प्रतीक्षालय को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। वाहन करीब 350 मीटर आगे जाकर रुका, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया और पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को रेड क्रॉस सोसाइटी से 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। मृतकों में परसवाह निवासी 35 वर्षीय राजकरण बनवासी, करवेमट्टा निवासी 50 वर्षीय बिहारी सिंह, 35 वर्षीय पवन मरावी और 58 वर्षीय बिसाहू धुर्वे शामिल हैं। हादसे में बिहारी सिंह के बेटे की भी मौत की खबर है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

