चंडीगढ़ 12 April, (Rns)- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों की फसलों का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और किसान-हितैषी बनाने के लिए कई नयी पहल की गयी हैं।
मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र की बाबाइन अनाज मंडी में शनिवार को गेहूं खरीद व्यवस्था की समीक्षा की और किसानों से बातचीत कर फसल बिक्री और भुगतान से जुड़े अनुभव जाने। किसानों ने व्यवस्था पर संतोष जताया और सरकार की पहल की सराहना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हामिदपुर निवासी किसान धर्मचंद को सम्मानित भी किया। मंडी पहुंचने पर उनका और हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने तीन स्तरीय फसल सत्यापन प्रणाली लागू की है, जिससे पंजीकृत फसलों के अनुरूप ही खरीद सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडी में नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं और वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी दी गयी है। उपायुक्तों को जिला स्तर पर खरीद व्यवस्था की देखरेख सौंपी गयी है, जबकि मंत्री और विधायक भी लगातार मंडियों का दौरा कर रहे हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

