कबीरधाम, 12 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है और इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भागुटोला क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की गतिविधि हो रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी त्रिलोचन सिंह राजपूत के कब्जे से 9 किलो 308 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा की आपूर्ति चित्रकांत साहू द्वारा किए जाने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

