बेटी की शादी से पहले घर में पसरा मातम
सुलतानपुर 12 अप्रै (आरएनएस )। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बेलगरा गांव में शनिवार देर रात घर के बाहर सो रहे एक अधेड़ की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। मृतक विजय प्रताप सिंह (58) घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी कनपटी पर गोली मार दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के समय उनकी पत्नी पास में ही सो रही थीं,जो बाल-बाल बच गईं। गोली की आवाज सुनकर परिजन जाग गए और शोर मचाया, लेकिन तब तक हमलावर मौके से भाग चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। दीवार पर खून के छींटे भी मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ आर.के चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल किसी प्रकार की रंजिश से इनकार किया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द घटना के खुलासे का दावा किया है। परिजनों के अनुसार मृतक पिछले तीन वर्षों से पैरालिसिस से पीडि़त थे और हाल ही में इलाज कराकर घर लौटे थे। उनकी छोटी बेटी सोनम सिंह की शादी 21 अप्रैल को तय थी। शादी की तैयारियों के बीच हुई इस वारदात से परिवार में खुशियों की जगह मातम छा गया है। मृतक के तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ा बेटा अंकुर सिंह गैर जनपद में दरोगा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

