सुल्तानपुर 12 अप्रैल (आरएनएस )। जिले के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के विवेकनगर में रविवार को एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब बारात में आई एक कार से अवैध पिस्टल बरामद हुई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर कार को कब्जे में लिया और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विवेकनगर निवासी जमील इदरीस के घर करौंदीकला थाना क्षेत्र से बारात आई थी। बारात में शामिल एक इनोवा क्रिस्टा कार, जिस पर उप राज्य आयुक्त न्यायालय उत्तर प्रदेश शासन लिखा हुआ था, संदेह के घेरे में आ गई। इसी कार की ड्राइविंग सीट के पास एक अवैध पिस्टल रखी मिली, जिस पर एक ग्रामीण की नजर पड़ते ही पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर और कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार और पिस्टल को जब्त कर लिया है। साथ ही एक युवक को हिरासत में लेकर थाने में गहन पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में लंभुआ कोतवाल धीरज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अवैध पिस्टल से जुड़ा प्रतीत होता है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। उन्होंने हर्ष फायरिंग की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि अब तक ऐसा कोई प्रमाण या वीडियो सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस की निगरानी में शादी समारोह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

