सोनामुखी (बांकुड़ा), 12 अप्रैल (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को पश्चिम बंगाल के चुनावी मैदान में उतरे और कांग्रेस, वामपंथी दलों तथा तृणमूल कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। सोनामुखी में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि तृणमूल के शासन में राज्य में हिंसा और अराजकता का माहौल बना हुआ है और भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई कार्यकर्ताओं के घर उजाड़ दिए गए और उन पर जानलेवा हमले हुए, जो राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करते हैं।मुख्यमंत्री ने बंगाल की जनता से आह्वान करते हुए कहा कि जिस प्रकार केंद्र में डबल इंजन सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है, उसी प्रकार राज्य में भी भाजपा की सरकार बनाकर विकास की नई राह खोली जा सकती है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने पर दंगाइयों और गुंडागर्दी पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा और आम जनता को सुरक्षा का माहौल मिलेगा।सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने हाल ही में बांग्लादेश में एक दलित हिंदू की हत्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस घटना के विरोध में भाजपा ने आवाज उठाई, लेकिन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटबैंक की राजनीति के कारण ऐसे गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साध ली जाती है, जो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।मुख्यमंत्री ने बंगाल की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि महान साहित्यकारों, संतों और स्वतंत्रता सेनानियों की रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जनचेतना को जागृत किया और देश को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया।उन्होंने कहा कि बंगाल कभी उद्योग, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में अग्रणी रहा है, लेकिन लंबे समय तक विभिन्न सरकारों के शासन के कारण राज्य की स्थिति कमजोर हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार कुछ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था की स्थिति थी, उसी प्रकार आज पश्चिम बंगाल में भी कानून व्यवस्था को लेकर चिंता की स्थिति है।मुख्यमंत्री ने किसानों की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि राज्य का किसान उचित मूल्य न मिलने के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहा है और कर्ज लेने को मजबूर है। उन्होंने दावा किया कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां किसानों को बेहतर सुविधाएं और समर्थन मिल रहा है।सभा के अंत में मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य में विकास, सुरक्षा और रोजगार के नए अवसर तभी संभव हैं, जब जनता परिवर्तन का निर्णय ले और एक मजबूत सरकार का गठन करे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

