लखनऊ 12 अप्रैल (आरएनएस )। उद्योग संवाद के तत्वावधान में गोमती नगर स्थित होटल रेनेसा में आयोजित एमएसएमई ओडीओपी-ओडीओसी समिट/एक्सपो का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एमएसएमई सेक्टर में आए बदलावों के कारण युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद के साथ-साथ एक जनपद एक व्यंजन को भी आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश के पारंपरिक खाद्य उत्पाद देश के विभिन्न जनपदों तक पहुंचेंगे और नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और उद्योग संवाद के प्रमुख अमित गुप्ता ने रितेश अग्रवाल, मनोज गोयल और रोहित महेश्वरी को पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर ‘उद्यम रत्न अवार्डÓ से सम्मानित किया।इस अवसर पर अमित गुप्ता ने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक कार्य हुआ है। इसी प्रकार एक जिला एक व्यंजन के अंतर्गत जौनपुर की इमरती, बांदा का सोहन हलवा और आगरा का पेठा जैसी स्थानीय खाद्य परंपराएं प्रदेश की पहचान हैं। इन्हें ‘लोकल से वोकलÓ के माध्यम से देशभर में पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने व्यापारियों से अपने व्यापार का विस्तार जिले से बाहर तक करने की अपील की, जिससे व्यापार और रोजगार दोनों में वृद्धि होगी। साथ ही उन्होंने उपमुख्यमंत्री के समक्ष संस्था के लिए राजधानी में कार्यालय आवंटित करने सहित तीन सूत्रीय मांगें भी रखीं।कार्यक्रम में मुकेश मेश्राम ने कहा कि उत्तर प्रदेश संभावनाओं से भरा प्रदेश है, जहां पशुधन, मत्स्य पालन और मुर्गी पालन जैसे क्षेत्रों में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि पशुधन विभाग द्वारा वाट्सएप चैनल शुरू किया गया है और शीघ्र ही स्वर्ण दुग्ध महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से आमजन रोजगार शुरू कर सकते हैं और सब्सिडी का लाभ ले सकते हैं।संयुक्त निदेशक बी.के. वर्मा, एमएसएमई-डीएफओ कानपुर ने बताया कि अब एमएसएमई में पंजीकरण पोर्टल या मोबाइल के माध्यम से आसानी से किया जा सकता है। सरकार द्वारा उत्पादों की मार्केटिंग और ब्रांडिंग की भी व्यवस्था की गई है, जिससे व्यापारियों को लाभ मिल रहा है।समारोह में विभिन्न जनपदों से आए व्यापारियों ने भाग लिया। एक्सपो में चंदौली के जरी-जरदोजी उत्पाद, प्रतापगढ़ के आंवले का मुरब्बा, लखनऊ की चिकनकारी के कुर्ते और साडिय़ां, बांदा का सोहन हलवा और बालूशाही, जौनपुर की इमरती तथा आगरा के लेदर उत्पाद, पेठा और पेड़े के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

