-लाखों का नुकसान, कई परिवार बेघर
मिल्कीपुर-अयोध्या 12 अप्रैल (आरएनएस)। मिल्कीपुर तहसील के इनायत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ईंट गांव में रविवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक अग्निकांड में लगभग 10 घरों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग से प्रभावित परिवारों का अनाज, भूसा, लकड़ी-कंडा और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, आग की शुरुआत गांव निवासी राम शंकर के छप्पर से हुई। देखते ही देखते धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। उस समय चल रही तेज हवा ने आग को और भड़का दिया, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में राम सुमेर, राजकुमार, चंद्रभान, नईम धोबी, वीरेंद्र, रामनाथ और सावित्री समेत कई परिवारों के छप्पर जल गए। वहीं अली राजा के घर में रखा अनाज, भूसा, साइकिल और अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह खाक हो गया। कुछ ही समय में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक अधिकांश नुकसान हो चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल ज्ञान प्रकाश दुबे मौके पर पहुंचे और पीडि़त परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

