-चयनित छात्रों को वितरित किए गए 46 लैपटॉप व 16 मोबाइल
अयोध्या 12 अप्रैल (आरएनएस)। स्वयंसेवी संस्था जीबीटीसी ट्रस्ट के प्रमुख कार्यक्रम प्रोजेक्ट सुपर 60 के छठे बैच का शुभारंभ रविवार को को जेबी अकादमी में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पवन जीवनी डॉ अभय कुमार सिंह डॉ वी के त्रिपाठी विमल जोशी प्रतिभा शुक्ला वंदना उपाध्याय अतिथि के रूप में उपस्थिति रही इस अवसर पर चयनित छात्रों को 46 लैपटॉप एवं 16 मोबाइल वितरित किए गए जो उनकी डिजिटल शिक्षा यात्रा की नींव बनेंगे। जीबीटीसी ट्रस्ट के सह-संस्थापक देवेश मोहन ने बताया कि अयोध्या जिले के 11 ग्रामीण विकासखंडों के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 5 में अध्ययनरत 12,000 से अधिक बच्चों में से कठिन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से 62 प्रतिभाशाली छात्रों का चयन किया गया है। इन्हें 11 माह की गहन मेंटरशिप एवं डिजिटल शिक्षा के माध्यम से नवोदय विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय एवं विद्याज्ञान जैसी प्रतिष्ठित आवासीय संस्थाओं में प्रवेश के लिए तैयार किया जाएगा। संस्था की संस्थापिका किरण दीप संधू की दूरदर्शिता एवं तकनीक के माध्यम से समाज के वंचित वर्ग को शैक्षिक रूप से सशक्त बनाने की प्रेरणा से यह कार्यक्रम निरंतर आगे बढ़ रहा है। उनकी यह सोच कि डिजिटल शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है आज हज़ारों ग्रामीण बच्चों के जीवन में बदलाव ला रही है। संस्था के जिला समन्वयक दुर्गेश कुमार शुक्ला ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। ट्रस्ट के समस्त स्वयंसेवकों एवं मेंटर्स के अथक परिश्रम ने इस आयोजन को यादगार बनाया। इस अवसर पर जीबीटीसी ट्रस्ट मीडिया प्रभारी अपर्णा द्विवेदी के साथ-साथ जीबीटीसी ट्रस्ट के सभी सदस्य मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

