अयोध्या 12 अप्रैल (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा अम्बेडकर जयंती एवं नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत व्यापक जनजुटान की तैयारी की गई है। इस क्रम में 17 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती अभियान के तहत तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के अंतर्गत पूरा बाजार ब्लॉक मैदान में नारी शक्ति सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। अभियानों को लेकर पार्टी कार्यालय सहादतगंज में महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने अभियान संयोजकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। महानगर अध्यक्ष ने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत टाउन हॉल मीटिंग, नारी शक्ति सम्मेलन, पदयात्रा, हस्ताक्षर अभियान और मिस्ड कॉल के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा। इसके अलावा महिलाओं से अधिनियम पर लेखन, बाइक व स्कूटी रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला प्रदर्शनी, नारी शक्ति मार्च और विजय मार्च जैसे आयोजन भी किए जाएंगे। साथ ही प्रेस वार्ता और सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार की रणनीति बनाई गई है।
उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को महानगर के 17 स्थानों पर स्थापित डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमाओं एवं परिसरों में स्वच्छता अभियान, माल्यार्पण और दीपदान कार्यक्रम आयोजित होंगे। 14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती के अवसर पर महानगर के सभी 419 बूथों पर पदाधिकारी संविधान की प्रस्तावना का वाचन करेंगे तथा पार्टी कार्यालय पर आयोजित संगोष्ठी में बाबा साहब के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर चर्चा होगी। 15 एवं 16 अप्रैल को अनुसूचित बस्तियों में घर-घर संपर्क व संवाद अभियान चलाकर समाज के विशिष्ट जनों को सम्मानित किया जाएगा। मीडिया प्रभारी अमित मिश्र ने बताया कि सभी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए अलग-अलग संयोजक नियुक्त किए गए हैं और उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में कार्यक्रमों के आयोजन स्थलों के बारे में चर्चा की गई। जिससे अभियान को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जा सके। बैठक में शैलेन्द्र कोरी, परमानंद मिश्र, तिलकराम मौर्या, हरभजन गौड, रीना द्विवेदी, अरविन्द सिंह, शशि प्रताप सिंह, वरूण चौधरी, , मुकेश तिवारी, रवि सोनकर, रवि शर्मा, स्वाती सिंह, शिवम शुक्ला, प्रदीप यादव, श्यामा शर्मा, आकाश सोमवंशी, नीलम जायसवाल, शकुंतला गौतम, और शशिरानी शर्मा, ओमिश अग्रहरी, दिनेश कन्नौजिया सहित अन्य लोगों की मौजूदगी रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

