-सपा द्वारा मिल्कीपुर में 46 स्थानों पर मनाई जाएगी डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती
अयोध्या 12 अप्रैल (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में 14 अप्रैल को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती भव्य रूप से मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में मिल्कीपुर विधानसभा के पांच नंबर चौराहे पर अयोध्या-फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के 46 स्थानों पर बाबा साहब की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस दौरान गोष्ठियों, माल्यार्पण कार्यक्रमों और सामाजिक जागरूकता अभियानों के माध्यम से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को समानता, न्याय और अधिकारों का जो संविधान दिया, वह आज भी समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर कार्यक्रमों को सफल बनाएं और बाबा साहब के विचारों को जनमानस तक पहुंचाएं।
वहीं निवर्तमान जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय और समानता की विचारधारा पर चलती रही है। बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात कर ही एक मजबूत और समतामूलक समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारीपूर्वक कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया बैठक में लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव प्रमोद यादव, आकाश पटेल, राकेश शर्मा, प्रवेश अग्रहरि,पृथ्वीराज यादव, जय सिंह यादव, रामजी पाल, यदुनाथ यादव, रितेश यादव, वेद प्रकाश यादव,संतोष यादव,सीताराम यादव, राम सिंह यादव, रामसतन कोरी, सुनील कोरी, राम बहादुर यादव, मिथलेश कनोजिया, सहित बड़ी संख्या में सेक्टर व बूथ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

