-39,26,37 लाख लाभार्थियों तक पहुंची पेंशन योजना की मदद
-36,123.62 लाख रुपये की पेंशन राशि महिलाओं को वितरित
-आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए बनी संबल योजना
अयोध्या 12 अप्रैल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में निराश्रित महिला पेंशन योजना ने जनपद अयोध्या की हजारों निराश्रित महिलाओं को आर्थिक सहारा प्रदान कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। अप्रैल 2017 से मार्च 2026 तक जनपद में इस योजना के तहत कुल 3,92,637 लाभार्थियों को 36,123.62 लाख रुपये की पेंशन राशि वितरित की गई है। यह आंकड़ा स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि सरकार की यह पहल कितनी व्यापक और प्रभावी साबित हुई है। योजना के अंतर्गत पति की मृत्यु के बाद आर्थिक रूप से कमजोर, निराश्रित महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की पेंशन दी जाती है, जो सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी माध्यम से पहुंचाई जाती है। इस योजना को संबल योजना के रूप में भी जाना जाता है, जो गरीब और असहाय महिलाओं के लिए एक मजबूत कवच साबित हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच के कारण राज्य में निराश्रित महिला पेंशन योजना को विशेष प्राथमिकता दी गई है। पहले जहां पेंशन की राशि बहुत कम थी, वहीं योगी सरकार ने इसे बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह कर दिया, जिससे महिलाओं को बेहतर आर्थिक सहयोग मिल रहा है। अयोध्या जैसे पवित्र शहर में इस योजना ने विशेष रूप से उन महिलाओं को राहत पहुंचाई है, जो किसी कारणवश परिवार का सहारा खो चुकी हैं और स्वयं अपनी आजीविका चलाने में असमर्थ हैं। लाभार्थी महिलाओं का कहना है कि इस पेंशन से उनके घर का खर्च, दवा-दवाई और बच्चों की शिक्षा जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी हो पा रही हैं। कई महिलाओं के जीवन में यह राशि सम्मानजनक जीविकोपार्जन का साधन बन गई है। योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, पति की मृत्यु प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र और बैंक विवरण जैसे दस्तावेजों के आधार पर आसानी से आवेदन किया जा सकता है। जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर लाभार्थियों की सूची का सत्यापन भी किया जाता है, ताकि केवल पात्र महिलाओं तक ही सहायता पहुंचे। जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी तिवारी ने बताया कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र महिला इस योजना से वंचित न रहे। भविष्य में पेंशन राशि को और बढ़ाने तथा लाभार्थियों की संख्या विस्तारित करने की भी योजना है। इस पहल से अयोध्या की निराश्रित महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है और वे आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने लगी हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

