*पीएससी बाउंड्री के पीछे पीछे पहाड़ी पर हुई पुलिस से मुठभेड़ में पकड़ा गया मुख्य अभियुक्त राजेन्द्र सोनकर*
मीरजापुर 12 अप्रैल (आरएनएस)। नगर के चर्चित अधिवक्ता हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी राजेन्द्र सोनकर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों टांगों पर चलते हुए गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, बरौधा स्थित पीएसी गेट के पास पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बताते चलें कि शनिवार सुबह तकरीबन 7 बजे मीरजापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी गांव निवासी तथा प्रधान पति
अधिवक्ता राजीव सिंह को नगर के कटरा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कतवारु का पुरा
सद्भावना नगर कालोनी में
उनके घर के बाहर गोली मार दी गई थी। जहां उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद से ही पुलिस पर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और एनकाउंटर का दबाव बना हुआ था। अधिवक्ताओं से लेकर आमजनों में इस घटना को लेकर आक्रोश तो कटरा कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए जा रहे थे।
बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुठभेड़ में धर दबोचा है।फिलहाल, घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
बताते चलें कि कटरा कोतवाली क्षेत्रांतर्गत सद्भावनानगर में दिनदहाड़े राजीव उर्फ रिंकू सिंह 40 वर्ष, निवासी देवरी (विरोही) थाना विंध्याचल की गोली मार कर हत्या कर दिए जाने के बाद पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में 2 नामजद आरोपियों के विरूद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर विवेचनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ की थी। जिनकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पांच टीमों का गठन भी कर दिया था। पुलिस के मुताबिक कटरा कोतवाली पुलिस राबर्टसगंज तिराहे पर द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी कि तभी एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा तो पुलिस पार्टी द्वारा भी उसका पीछा किया गया, जो पीएसी गेट के आगे रोड़ पर पुलिस पार्टी पर जान मारने की नियत से फायर करने लगा । पुलिस पार्टी द्वारा भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गयी, जिसमें उस व्यक्ति के दोनों पैरों में गोली लगी है। जिसकी पहचान राजेन्द्र सोनकर पुत्र स्वर्गीय शोभा सोनकर निवासी देवरी (विरोही( थाना विन्ध्याचल, मीरजापुर के रुप में हुई है।
*शातिर किस्म का अधिवक्ता का हत्यारा*
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया हत्यारोपी कटरा कोतवाली में पंजीकृत मु.अ.सं. 97/2026 धारा 103(1), 352, 351(3), 3(5) बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट का वांछित अभियुक्त है। हत्यारोपी के पास से घटना में प्रयुक्त बाइकि तथा आलाकत्ल सहित 2 तमंचा, 2 जिन्दा व 3 खोखा कारतूस 12 बोर भी बरामद हुआ है। जिसे घायलावस्था में जिला चिकित्सालय मीरजापुर भेजा गया है।
*6 मामलों में वांछित पचास हजार का इनामियां है हत्यारोपी*
नगर के प्रमुख इलाके में दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या कर सनसनी फैला कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला हत्यारोपी कोई मामूली अपराधी नहीं है बल्कि 6 मामलों में वांछित बताया गया है। पुलिस के अनुसार उसके विरूद्ध कुल 6 अभियोग पूर्व में पंजीकृत है तथा उपरोक्त अभियोग में उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा 50 हजार रूपये का पुरस्कार भी उस पर घोषित किया गया है।
*दूसरे आरोपी की सरगर्मी से हो रही तलाश*
अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या करने के बाद भाग रहे दोनों बदमाशों में से पुलिस ने एक को जो मुख्य आरोपी हैं मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरा अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर बना हुआ है। ऐसे में जनमानस के बीच इसे लेकर जोरों पर चर्चा है कि क्या दूसरा आरोपी कहीं नगर में ही तो नहीं पनाह लिए हुए है। क्यों कि तड़के हुई हत्या की इस घटना के बाद सीसीटीवी कैमरे का वीडियो वायरल होने के बाद हत्यारोपी का ज्यादा दूर तक भाग पाना संभव नहीं था, सो इस बात की आशंका जताई जा रही है कि दूसरा आरोपी नगर क्षेत्र के ही किसी इलाके में छुपकर बैठा होगा। बहरहाल,घायल मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी होने के बाद पुलिस छानबीन में लगी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

